कैंचीधाम जाम से राहत को जल्द खुलेगा भवाली-सैनिटोरियम-रातीघाट बाईपास मार्ग
नैनीताल, 09 जून (हि.स.)। श्रीकैंचीधाम क्षेत्र में यातायात जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से निर्माणाधीन भवाली-सैनिटोरियम-रातीघाट बाईपास मार्ग का कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने मंगलवार को स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि मार्ग पर सड़क कटान का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा रातीघाट में अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग को बाईपास से जोड़ने वाले वैली ब्रिज का निर्माण भी अंतिम चरण में है। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू ने बताया कि पुल का कार्य तीन दिन के भीतर पूरा कर आवश्यक परीक्षण के बाद मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्ग पर समतलीकरण, संकेतक पट्टिकाओं की स्थापना तथा सुरक्षा मानकों से संबंधित शेष कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैंचीधाम में निर्माणाधीन पार्किंग और मंदिर माला योजना के कार्यों की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि मंदिर परिसर के निकट 330 वाहनों की क्षमता वाली बहुमंजिला पार्किंग विकसित की जा रही है, जिसमें दो मंजिला ढांचा पूर्ण हो चुका है तथा 180 वाहनों की पार्किंग तत्काल उपयोग के लिए तैयार है।
श्रद्धालुओं के लिए पाथवे का अधिकांश कार्य तथा नियंत्रण कक्ष की स्थापना भी पूरी हो चुकी है। संबंधित अधिकारियों ने अवगत कराया कि पार्किंग एवं अन्य निर्माण कार्य अगले तीन माह में पूर्ण कर लिए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उप जिलाधिकारी अनुराग आर्या, उप जिलाधिकारी नवाजिश खलीक, दिव्यांशु, पुलिस क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, अधिशासी अभियंता रत्नेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी