राष्ट्रीय सुरक्षा पर राज्यपाल ने 'भीष्म' थिंक टैंक के विशेषज्ञों से किया मंथन

 


-भूतपूर्व सीडीएस जनरल अनिल चौहान सहित पूर्व सैन्य अधिकारियों ने रखे सुझाव

देहरादून, 10 जुलाई (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने शुक्रवार को लोक भवन में भारत हिमालयन इंटरनेशनल स्ट्रेटेजिक मंच (भीष्म) थिंक टैंक के सदस्यों के साथ राष्ट्रीय एवं वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य से जुड़े समसामयिक मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ सहित वरिष्ठ पूर्व सैन्य अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों ने भाग लिया।

बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा, सामरिक चुनौतियों, सीमा प्रबंधन तथा बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। थिंक टैंक के सदस्यों ने अपने अनुभव और अध्ययन के आधार पर राष्ट्रीय सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संबंध में सुझाव भी दिए।

राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों के साथ संवाद अत्यंत उपयोगी होता है और इससे नीतिगत दृष्टिकोण को व्यापकता मिलती है। उन्होंने कहा कि अनुभवी सैन्य अधिकारियों और विशेषज्ञों के विचार देश की सुरक्षा तैयारियों को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं।

बैठक में लेफ्टिनेंट जनरल अजय कुमार सिंह (से नि), वाइस एडमिरल ए. जी. थपलियाल (से नि), मेजर जनरल अभय कार्की (से नि), ब्रिगेडियर संतोष नायर (से नि), ब्रिगेडियर अनिल शर्मा (से नि), एवीएम अरविंद वर्मा (से नि), कर्नल आर.एस. सिद्धू (से नि), राष्ट्रीय जल सर्वेक्षण कार्यालय के ज्वाइंट चीफ हाइड्रोग्राफर कमोडोर जे. गुरुमणी, संजीव चोपड़ा, प्रो. दुर्गेश पंत, अमनप्रीत सिंह, डॉ. राज्य लक्ष्मी, रवि गड़ीराजू मौजूद रहे।

---

.

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय