डिजिटल दौर में हिंदी का प्रभाव बढ़ा : रंजन कुमार
हरिद्वार, 07 अक्टूबर (हि.स.)। सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल मीडिया के दौर में हिंदी का प्रभाव पहले की तुलना में बढ़ा है और कंप्यूटर पर हिंदी में काम करना भी आसान हुआ है। यह बात बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार ने बुधवार को राजभाषा सम्मान समारोह में कही।
उन्होंने कहा कि बीएचईएल हरिद्वार के कर्मचारी राजभाषा कार्यान्वयन के प्रति समर्पित हैं। सामूहिक प्रयासों के चलते इकाई को हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न मंचों से सम्मान मिल रहा है।
समारोह में अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) पार्थ सारथी गौड़ा ने अतिथियों और पुरस्कार विजेताओं का स्वागत किया और पिछले वर्ष की राजभाषा गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर जुलाई, अगस्त और सितंबर में आयोजित हिंदी प्रतियोगिताओं, प्रोत्साहन योजनाओं, विभागीय राजभाषा वैजयंती,राजभाषा चक्रों और व्यक्तिगत पुरस्कारों के विजेताओं को सम्मानित किया गया। बोर्ड परीक्षा में हिंदी में सर्वाधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों और कर्मचारियों के परिजनों की प्रतियोगिता के विजेताओं को भी स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र दिए गए।
कार्यक्रम में बीएचईएल की गृह पत्रिका ‘भेल गंगा’ का विमोचन भी किया गया। इस दौरान महाप्रबंधक,वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और यूनियन प्रतिनिधि मौजूद रहे। उप प्रबंधक (राजभाषा) शशि सिंह ने आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला