संस्कारों के संवर्धन में भारत विकास परिषद की अहम भूमिका: मनीष
हरिद्वार, 24 जून (हि.स.)। भारत विकास परिषद समाज में संपर्क, संस्कार और सहयोग के संकल्प के साथ प्रेरणादायक कार्य कर रही है। बाईपास रोड स्थित एक होटल में परिषद की प्रांतीय प्रवास बैठक को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष मनीष सिंघल ने यह बात कही।उन्होंने कहा कि व्यक्ति संगठन के प्रति समर्पित रहकर ही मानवता और समाज की सच्ची सेवा कर सकता है। उन्होंने परिषद के सेवा कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए सभी सदस्यों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
प्रांतीय महासचिव संजय गर्ग ने कहा कि परिषद से जुड़ा प्रत्येक सदस्य सेवा भावना से प्रेरित होकर कार्य करता है। उन्होंने कहा कि व्यस्त जीवनशैली के बावजूद परिषद के सदस्य पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर वृक्षारोपण अभियान चला रहे हैं। प्रांतीय उपाध्यक्ष ललित पांडे ने कहा कि परिषद की सभी शाखाओं को सदस्य संख्या में 25 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य दिया गया है, जिसे सभी शाखाओं के सहयोग से पूरा किया जाएगा।
बैठक में परिषद के आगामी कार्यक्रमों, संगठन विस्तार तथा सेवा गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रांतीय संगठन मंत्री निखिल वर्मा, प्रांतीय संयोजक प्रचार एवं प्रसार एडवोकेट कुशल पाल सिंह चौहान, उपाध्यक्ष रश्मि चौहान, कुशल श्रीवास्तव, द्विजेंद्र पंत सहित विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला