गोमांस के साथ एहसान गिरफ्तार
हरिद्वार, 14 अगस्त (हि.स.)। बहादराबाद कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुस्तफाबाद क्षेत्र से करीब 12 किलो गोमांस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपित को उस समय पकड़ा गया, जब वह मांस लेकर गांव की ओर जा रहा था। मामले में आरोपी समेत अन्य लोगों के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस को 14 अगस्त को मुखबिर खास से सूचना मिली थी कि ग्राम मुस्तफाबाद के जंगल क्षेत्र में गाय काटी गई है और उसका मांस बिक्री के लिए गांव की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मुस्तफाबाद से नदी की ओर जाने वाले रास्ते पर पहुंची और चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मुस्तफाबाद चक रोड पर एक व्यक्ति हाथ में कट्टा लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम एहसान पुत्र नसीम, निवासी ग्राम मुस्तफाबाद, कोतवाली बहादराबाद, हरिद्वार बताया। उसके हाथ में मौजूद कट्टे की तलाशी लेने पर उसमें करीब 12 किलो गोमांस बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने बताया कि गांव के यूनुस पुत्र युसुफ, आजम पुत्र असलम, सोनू पुत्र असरत और मुख्तियार पुत्र अकबर ने कथित तौर पर पिछली शाम गाय काटी थी और वह उन्हीं से मांस खरीदकर बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने बरामद मांस का नमूना सुरक्षित रखते हुए शेष मांस को पशु चिकित्साधिकारी की देखरेख में सुरक्षित स्थान पर नष्ट कराया। पुलिस ने आरोपित एहसान तथा मामले में बताए गए अन्य व्यक्तियों के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला