एचआरडीए ने किए रावली महदूद में दो अवैध निर्माण सील
हरिद्वार, 27 नवंबर (हि.स.)। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण ने रावली महदूद क्षेत्र में अवैध रूप से हो रहे दो निर्माणों को सील कर दिया। प्राधिकरण के अनुसार डेन्सो चौक के पास दीपांशु भोजनालय के बगल वाली गली में डॉ. सतबीर तथा 45 मीटर रोड पर मेहरबान मलिक हार्डवेयर के बगल वाली गली में दुर्गा स्कूल के पास राजेश कुमार द्वारा अवैध निर्माण किया जा रहा था।
प्राधिकरण ने बताया कि अनाधिकृत निर्माणों के विरुद्ध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत वाद योजित किए गए थे। बार-बार निर्देशों के बावजूद निर्माण कार्य बंद नहीं किया गया, जिसके चलते टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों निर्माणों को सील किया। निर्माणकर्ताओं को बिना स्वीकृति निर्माण न करने के निर्देश दिए गए।
इससे पूर्व उषा टाउनशिप में सील तोड़कर निर्माण करने पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। ज्वालापुर में भी सील तोड़कर दोबारा निर्माण करने पर प्राथमिकी दर्ज हुई थी। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण पर सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला