गौला निकासी गेट में खनन व्यवसाई ने गेट इंचार्ज को पीटा, मोबाइल तोड़ा
हल्द्वानी , 05 अप्रैल (हि.स.)। बिना गाड़ी तुलाए गौला नदी में डंपर ले जाने वाले वाहन स्वामी से गेट इंचार्ज की हुई तीखी बहस के बाद उक्त खनन व्यवसाई ने गेट इंचार्ज की पिटाई लगाने के साथ-साथ उनका मोबाइल तोड़ दिया, नाराज वन कर्मियों ने लालकुआं डिवीजन से लेकर हल्द्वानी तक सभी 11 गौला निकासी गेटों को बंद कर दिया गया है, फिलहाल देवरामपुर गेट में पुलिस, वन विभाग एवं वन निगम के कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज प्रातः देवरामपुर गौला निकासी गेट में कांटे में बिना तुले एक दर्जन वाहन गौला नदी में प्रवेश कर गए, जिसकी सूचना कांटे में बैठे कर्मचारियों ने गेट इंचार्ज सौरभ मराठा को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंचे गेट इंचार्ज ने बिना तुले वाहन स्वामियों को गेट में बुलवाया और पुनः गाड़ी तुलवाने को कहा, इसके बाद मौके पर पहुंचे खनन स्वामियों ने उन्हें बताया कि उनकी गाड़ियां भर चुकी हैं, गाड़ी तुलवाने की प्रक्रिया उनके द्वारा की गई, परंतु कांटे में खराबी होने से गाड़ी का तोल नहीं आ पाया है।
गेट इंचार्ज द्वारा सभी को निर्देश दिए गए कि भरी गाड़ी को खाली करके दोबारा तुड़वाया जाए, जिससे एक खनन व्यवसाई नाराज हो गया, और उनकी गेट इंचार्ज से तीखी नोकझोंक हो गई, जो कि तुरंत ही मारपीट में बदल गई।
खनन व्यवसाई द्वारा वीडियो बना रहे गेट इंचार्ज का मोबाइल तोड़ दिया और उनके साथ मारपीट भी कर दी। जिससे नाराज वन विकास निगम के कर्मचारियों ने पहले देवरामपुर गेट बंद किया, उसके बाद लालकुआं से लेकर शीशमहल तक के सभी 11 गेटों को बंद कर दिया गया है, साथ ही मौके पर लालकुआं कोतवाली पुलिस, वन विभाग एवं वन निगम के अधिकारियों को मौके पर बुला लिया गया है।
इधर डीएलएम धीरेश बिष्ट का कहना है कि खनन व्यवसाई द्वारा गेट इंचार्ज के साथ अभद्रता एवं मारपीट की गई है, जिसकी लालकुआं कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। साथ ही बंद गेटों को खुलवाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिस वाहन स्वामी ने मारपीट की है उसकी गाड़ी को सीज करके उसका गौला नदी का पंजीकरण निरस्त किया जाएगा।
इधर देवरामपुर गौला निकासी गेट के अध्यक्ष भगवान धामी ने बताया कि प्रकरण में मारपीट होना दुर्भाग्यपूर्ण है, परंतु मारपीट की वजह कांटे में खराबी है, कांटे की खराबी की वजह से ही गाड़ी का तोल कंप्यूटर में नहीं आया और बात बढ़ गई।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता