देर रात तक बार-रेस्टोरेंट खोलने पर दो संचालकों के खिलाफ केस दर्ज

 




देहरादून, 31 मार्च (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद भी राजधानी में देर रात तक खुले रहने पर दो बार एवं रेस्टोरेंट्स के संचालकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 11 चालकों को गिरफ्तार भी किया गया।

पुलिस के अनुसार सोमवार की रात्रि में पुलिस अधीक्षक नगर, यातायात, ऋषिकेश और विकासनगर के नेतृत्व में राजपुर क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बार, पब और रेस्टोरेंट्स में निर्धारित समयावधि के पालन की जांच की गई। चेकिंग के दौरान निर्धारित समय के बाद भी बार में शराब परोसते पाए जाने पर राजपुर क्षेत्र में स्थित पिरामिड बार तथा नुक्कड़ बार एवं रेस्टोरेंट के संचालकों के खिलाफ केस पंजीकृत किया गया।

वाहन चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 11 चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए गए। वहीं देर रात तक बार में शराब पीते मिले तीन संदिग्ध व्यक्तियों को भी हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और रात्रि में हुड़दंग पर नियंत्रण के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय