बैंकिंग सुरक्षा को मजबूत बनाने पर जोर,राज्य स्तरीय सुरक्षा समिति की 21वीं बैठक संपन्न

 


-करेंसी चेस्ट,नकदी परिवहन और जाली नोटों से जुड़े मामलों पर हुई चर्चा

देहरादून, 25 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में बैंकिंग अवसंरचना, करेंसी चेस्ट और नकदी के सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय सुरक्षा समिति (एसएलएससी) की 21वीं बैठक शुक्रवार को सचिवालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता सचिव गृह शैलेश बगौली ने की।

भारतीय रिजर्व बैंक, कानपुर की ओर से आयोजित बैठक में राज्य प्रशासन, कानून-प्रवर्तन एजेंसियों, करेंसी चेस्ट संचालित करने वाले बैंकों और प्रदेश में व्यापक शाखा नेटवर्क वाले अन्य बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। आरबीआई कानपुर, देहरादून और केंद्रीय कार्यालय मुंबई के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक में बैंकिंग संस्थानों के सामने मौजूद सुरक्षा चुनौतियों, करेंसी चेस्ट की सुरक्षा, जाली भारतीय मुद्रा नोट से जुड़े मामलों और नकदी के सुरक्षित आवागमन के लिए मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। इन व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

बैठक में राज्य स्तरीय सुरक्षा समिति को बैंकों, सुरक्षा सेवा प्रदाताओं और उपयोगकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का महत्वपूर्ण मंच बताया गया। सभी हितधारकों ने बैंकिंग अवसंरचना, करेंसी चेस्ट और नकदी परिवहन से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर समन्वय, सूचना साझाकरण और आपसी सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय