बलभद्र खलंगा विकास समिति ने मनाया 52वां स्थापना दिवस
देहरादून, 12 मई (हि. स.)। बलभद्र खलंगा विकास समिति नालापानी ने मंगलवार को अपना 52वां स्थापना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर रूद्रेश्वर महादेव मंदिर नालापानी में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया गया।
समारोह की शुरुआत खलंगा युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर-वीरांगनाओं को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। समिति के अध्यक्ष कर्नल विक्रम सिंह थापा एवं पदाधिकारियों ने खलंगा युद्ध के शहीदों को नमन किया। पंडित कृष्ण प्रसाद पंथी ने पूजा-अर्चना संपन्न कराई, जबकि रायपुर कीर्तन समिति ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए।
समिति के अध्यक्ष कर्नल विक्रम सिंह थापा ने कहा कि खलंगा युद्ध की वीरगाथा आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 12 मई 1974 को समिति का गठन किया गया था। उन्होंने बताया कि समिति के प्रयासों से नालापानी में बलभद्र खलंगा द्वार, खलंगा युद्ध स्मारक और पक्के मार्ग का निर्माण कराया गया।
समिति की सचिव प्रभा शाह ने बताया कि वर्ष 1975 में सागरताल में पहले खलंगा मेले का आयोजन किया गया था और तब से प्रतिवर्ष मेले का आयोजन कर लोगों को इस ऐतिहासिक स्थल की जानकारी दी जा रही है।
इस अवसर पर समिति की ओर से आचार्य भरत गिरि महाराज, आचार्य आलोक गिरि महाराज और पार्षद सोमेंद्र सुशांत बोहरा को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा, पूर्व डीएफओ इंद्रेश उपाध्याय, पूर्व अध्यक्ष कर्नल डीएस खड़का सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, मातृशक्तियां और युवा उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय