बालावाली-लक्सर-हरिद्वार-देहरादून बस सेवा शुरू
हरिद्वार, 30 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी-उत्तराखंड के सीमावर्ती खादर क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। 26 वर्षों से लंबित मांग पूरी करते हुए गुरुवार से बालावाली-लक्सर-हरिद्वार-देहरादून के बीच रोडवेज बस सेवा शुरू हो गई है। इससे हरिद्वार के खादर क्षेत्र के अलावा बिजनौर जिले के सीमावर्ती गांवों के लोगों, छात्रों और नौकरीपेशा यात्रियों को हरिद्वार और देहरादून तक सीधी सुविधा मिलेगी।
अब तक इस क्षेत्र के लोगों को हरिद्वार, लक्सर और देहरादून जाने के लिए निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता था। सुंदरपुर बेड़ा, लालपुर सोजीमल, गौसपुर, तीसोतरा, रामजीवाला, गोपालपुर, छकड़ा सहित दर्जनों गांवों के लोग उत्तराखंड गठन के बाद से ही सरकारी बस सेवा की मांग कर रहे थे।
नई व्यवस्था के तहत बस सुबह 8 बजे बालावाली से रायसी होते हुए लक्सर पहुंचेगी, वहां से हरिद्वार और देहरादून जाएगी। वापसी में देहरादून से हरिद्वार, लक्सर, रायसी होते हुए बालावाली लौटेगी। हरिद्वार रोडवेज स्टेशन के एआरएम विशाल चन्द्र ने बताया कि बालावाली से हरिद्वार तक 53 किमी के सफर का किराया 85 रुपये रखा गया है जबकि बालों वाली से सीधे देहरादून तक का किराया 205 रुपए लगेगा। मार्ग पर 24 स्टॉपेज तय किए गए हैं। इस बस सेवा से हरिद्वार-लक्सर के रास्ते बिजनौर और नजीबाबाद आने-जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा होगी।
एआरएम हरिद्वार विशाल चंद्र ने बताया कि अभी प्रयोग के तौर पर पूर्व से संचालित देहरादून- लक्सर बस सेवा को आगे बालावाली तक विस्तारित किया गया है। फिलहाल एक बस से संचालन शुरू किया गया है, यात्रीभार बढ़ने पर दूसरी बस भी चलाई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला