बैकुंठ चतुर्दशी मेले को लेकर पौड़ी पुलिस अलर्ट, सत्यापन शुरू

 


पौड़ी गढ़वाल, 22 नवंबर (हि.स.)। श्रीनगर गढ़वाल में 23 नवंबर से दो दिसंबर तक आयोजित होने वाले बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 को लेकर पौड़ी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मेले में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके साथ ही मेला क्षेत्र और आसपास के इलाकों में बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन का विशेष अभियान शुरू किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देशन में पुलिस टीमें लगातार मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर रही हैं। इस दौरान प्रवेश और निकास मार्गों, पार्किंग स्थलों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। यातायात व्यवस्था की समीक्षा कर मेले के दौरान श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों की आवाजाही सुगम बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, विशेष सत्यापन अभियान के तहत बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, श्रमिकों, फड़-फेरी लगाने वालों और अस्थायी रूप से काम करने वाले लोगों की जांच की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराना है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह