20 नवंबर से शुरू होगा 11वां बैकुंठ चतुर्दशी मेला,23 को होगा खड़ा दिया अनुष्ठान
-लोकगायिका मीना राणा और लोकगायक अमित सागर देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
पौड़ी गढ़वाल, 11 नवंबर (हि.स.)। विकासखंड पौड़ी की गगवाड़स्यूं घाटी में 20 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले 11वें बैकुंठ चतुर्दशी मेले का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। मेले को भव्य रूप देने के लिए मंदिर समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंदिर परिसर और मेला स्थल पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। वहीं, 23 नवंबर को होने वाले प्रसिद्ध खड़ा दिया अनुष्ठान के लिए पंजीकरण भी शुरू कर दिए गए हैं।
मंदिर समिति के राजेंद्र सिंह राणा और जगत किशोर बड़थ्वाल ने बताया कि मेले की तैयारियों में ग्रामीण भी सहयोग कर रहे हैं। बुधवार को ग्राम गहड़ की महिलाओं ने श्रमदान कर मेला परिसर की साफ-सफाई की और व्यवस्थाएं बनाने में योगदान दिया।
उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को ग्रामसभा क्वली से शिवध्वजा मंदिर के लिए प्रस्थान करेगी। इसके बाद डडुवादेवी ब्रह्मकुंड में ध्वजा स्नान और कलश यात्रा होगी। शाम को लोकगायिका मीना राणा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी। 21 नवंबर को मंदिर पूजन, महारुद्राभिषेक और स्कूली छात्र-छात्राओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
22 नवंबर को खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ महाभारत कालीन अमरगाथा कमलव्यूह (जयद्रथ वध) का मंचन होगा। 23 नवंबर को महारुद्राभिषेक, खेलकूद प्रतियोगिताओं और लोकगायक अमित सागर की प्रस्तुतियों के बीच प्रसिद्ध खड़ा दिया अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा। 24 नवंबर को स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों, पुरस्कार वितरण और रावण लीला के साथ पांच दिवसीय मेले का समापन होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह