अगस्त अंत तक शुरू होगा बद्रीनाथ अस्पताल,निर्माण 96 प्रतिशत पूरा
चमोली, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ मास्टर प्लान के तहत निर्माणाधीन 45 शैय्यायुक्त आधुनिक अस्पताल का निर्माण कार्य 96 प्रतिशत पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित विभागों को अगस्त के अंत तक अस्पताल का संचालन शुरू करने के लिए सप्ताहवार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि गेल के वित्तीय सहयोग से लगभग 25.10 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे अस्पताल का निर्माण लोक निर्माण विभाग की पीआईयू इकाई द्वारा कराया जा रहा है। करीब 2,244 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित अस्पताल में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शेष निर्माण कार्य के साथ-साथ चिकित्सा उपकरणों की स्थापना, विद्युत एवं जलापूर्ति व्यवस्था, फर्नीचर और अन्य आवश्यक कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्माण गुणवत्ता बनाए रखने और सभी कार्यों की नियमित समीक्षा करने पर भी जोर दिया।
अधिकारियों के अनुसार अस्पताल के विभिन्न तल पर आपातकालीन वार्ड, ओपीडी, प्रयोगशाला, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, पुरुष एवं महिला वार्ड सहित अन्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित की गई हैं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित एजेंसियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए अगस्त के अंत तक अस्पताल को आमजन के लिए संचालित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अभिषेक गुप्ता, उपजिलाधिकारी चंद्र शेखर वशिष्ट, प्र. चिकित्साधिकारी डॉ सचिन राणा सहित सम्बन्धित अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल