बाबा साहेब का जीवन न्याय के आदर्शों की स्थापना के लिए रहा समर्पित : मुख्यमंत्री धामी
देहरादून, 14 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में भारत रत्न एवं भारतीय संविधान के निर्माता डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण स्मरण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब का संपूर्ण जीवन सामाजिक समरसता, समानता और न्याय के आदर्शों की स्थापना के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए बाबा साहेब द्वारा किए गए कार्य आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब के विचार एक सशक्त,समावेशी एवं न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में समरसता एवं समानता को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
वहीं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और कैबिनेट मंत्री मंत्री खजान दास ने भारत रत्न बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार को गढ़ी कैंट स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।
इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि बाबा साहेब डॉ.अंबेडकर महान समाज सुधारक और संविधान निर्माता थे। उन्होंने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया और सामाजिक भेदभाव को समाप्त कर समानता की स्थापना के लिए संविधान का मार्ग अपनाया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया तथा महिला सशक्तिकरण में उनका योगदान अविस्मरणीय है।
मंत्री खजान दास ने भी बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बाबा साहेब को भारतीय संविधान के निर्माता और समावेशी भारत की नींव रखने वाला महान व्यक्तित्व बताते हुए उनके योगदान को याद किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय