हत्या के प्रयास का आरोपित गिरफ्तार, गांव में फायरिंग कर फैला रहा था दहशत
हरिद्वार, 27 जून (हि.स.)। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में जानलेवा फायरिंग के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए हत्या के प्रयास के आरोपित को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार ग्राम लिब्बरहेड़ी निवासी विकुल कुमार ने तहरीर देकर बताया कि उसके चचेरे भाई मोहित पर जान से मारने की नीयत से देशी तमंचे से फायर किया गया, जिससे वह घायल हो गया। तहरीर के आधार पर कोतवाली मंगलौर में आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कुंवरपाल पुत्र चौहल सिंह, निवासी ग्राम लिब्बरहेड़ी, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपित का चालान कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला