क्रिकेट मैच के विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवक पर लाठी-डंडों से हमला

 


हरिद्वार, 20 जून (हि.स.)। कनखल थाना क्षेत्र में क्रिकेट मैच के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शुक्रवार देर शाम मैच खेलकर घर लौट रहे एक युवक पर बाइक सवार नकाबपोश युवकों ने बीच सड़क पर हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक के साथ जमकर मारपीट की और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार रावली महदूद स्थित हरिद्वार ग्रीन सोसायटी निवासी रितिक शुक्रवार शाम जमालपुर में क्रिकेट मैच खेलने के बाद अपने एक साथी के साथ बाइक से घर लौट रहा था। जब वह कनखल क्षेत्र में हरेराम आश्रम के पास पहुंचा, तभी कार्तिक नामक युवक अपने पांच-छह साथियों के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि आरोपियों ने रितिक को रोककर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।। हमले के दौरान रितिक बाइक समेत सड़क पर गिर जाता है और खुद को संभालने का मौका तक नहीं पाता। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को जमालपुर में खेले जा रहे मैच के दौरान किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी हुई थी, जो बाद में रंजिश में बदल गई।

पुलिस वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने में जुटी हुई है। कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला