बारिश-ओलावृष्टि : तत्काल सर्वे कर किसानों को नुकसान का मुआवजा दें अधिकारी: कौशिक
हरिद्वार, 10 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश में 9 अक्टूबर को हुई भारी बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान को गंभीरता से लेते हुए पंचायती राज एवं आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने अधिकारियों को तत्काल नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने आपदा एवं पुनर्वास विभाग के सचिव से प्रदेश के सभी जनपदों में प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय सर्वेक्षण कराकर पात्र लोगों को नियमानुसार मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई प्राथमिकता से पूरी करने को कहा है।
मंत्री मदन कौशिक ने निर्देश दिए कि संबंधित विभागों के अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर नुकसान का वास्तविक आकलन करें। सर्वेक्षण में फसलों के साथ पशुधन, आवास और अन्य परिसंपत्तियों को हुई क्षति को भी शामिल किया जाए, ताकि प्रभावित किसानों और अन्य पीड़ितों की स्थिति का सही आकलन कर उन्हें समय पर राहत दी जा सके। उन्होंने कहा नुकसान का आकलन वास्तविक स्थिति के आधार पर किया जाए, जिससे सहायता के पात्र लोगों को राहत मिल सके।
मंत्री ने अधिकारियों को शासन के प्रचलित नियमों और निर्धारित मानकों के अनुरूप अनुमन्य मुआवजा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राहत वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और वास्तविक प्रभावितों तक सहायता पहुंचाने में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए सर्वेक्षण, नुकसान के आकलन और राहत से जुड़ी कार्रवाई शीघ्र पूरी करने को कहा, ताकि भारी बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों एवं अन्य पीड़ितों को मुश्किल परिस्थितियों में समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला