बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला का आरोपित गिरफ्तार

 


हरिद्वार, 03 जून (हि.स.)। जनपद के भगवानपुर थाना क्षेत्र के खुब्बनपुर लतीफपुर गांव में एक बुजुर्ग महिला पर हुए जानलेवा हमले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। खेतों के बीच हुई इस वारदात के कारण मामला पूरी तरह ब्लाइंड था, लेकिन पुलिस की मैनुअल पुलिसिंग, तकनीकी जांच और लगातार 10 दिनों की मेहनत ने आखिरकार गुनाहगार को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

पुलिस के अनुसार 23 मई को गांव से दूर खेतों में एक बुजुर्ग महिला अचेत अवस्था में पड़ी मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया,जहां चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घटना के संबंध में पीड़िता के भतीजे संजय कुमार की तहरीर पर कोतवाली भगवानपुर में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गंभीर चोट पहुंचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया। चूंकि घटनास्थल खेतों के बीच था और आसपास न तो कोई सीसीटीवी कैमरा था और न ही कोई प्रत्यक्षदर्शी, इसलिए आरोपी तक पहुंचना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया।

पुलिस टीम ने घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों का और करीब 250 संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस की जांच रज्जाक नामक व्यक्ति पर जाकर रुकी। 2 जून को उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह पीड़ित महिला से घास और दरांती मांगता था, लेकिन महिला ने कई बार उसकी मांग पूरी नहीं की। इसी बात को लेकर वह उससे नाराज था। घटना वाले दिन वह मोटरसाइकिल से खेतों की ओर गया और भांग मिलाकर बीड़ी पीने के बाद गुस्से में महिला पर हमला कर दिया। महिला के मुंह से खून निकलने और उसके न बोलने पर आरोपी ने उसे मृत समझ लिया और ईख के खेत में फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित रज्जाक पुत्र लालदीन निवासी खुब्बनपुर, थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला