असम दौरे पर कृषि मंत्री रवाना,चाय उत्पादन और विपणन सुदृढ़ करने पर जोर

 


देहरादून, 06 मई (हि. स.)। उत्तराखंड में चाय उत्पादन के विस्तार और विपणन व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य के कृषि मंत्री गणेश जोशी पांच दिवसीय दौरे पर असम के लिए रवाना हाे गए हैं।

असम दौरे के दौरान मंत्री असम के प्रमुख चाय बागानों का निरीक्षण कर उत्पादन क्षमता, प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) और विपणन प्रणाली का विस्तृत अध्ययन करेंगे। इसके साथ ही वे स्थानीय चाय उत्पादकों, निर्यातकों और विशेषज्ञों के साथ बैठक कर उत्तराखंड में चाय की गुणवत्ता सुधारने और विपणन तंत्र को सशक्त बनाने के लिए सुझाव जुटाएंगे।

भ्रमण कार्यक्रम में मंत्री आधुनिक चाय फैक्टरियों का भी दौरा करेंगे, जहां वे नवीनतम तकनीकों का अवलोकन करेंगे। फैक्टरी स्वामियों के साथ संवाद के जरिए उत्तराखंड में तकनीकी उन्नयन और उत्पादन दक्षता बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।

इस दौरे में कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, सल्ट विधायक महेश जीना, चाय बोर्ड के उपाध्यक्ष महेश्वर सिंह महरा, कृषि सचिव डॉ. एस.एन. पाण्डेय, चाय विकास बोर्ड के निदेशक महेन्द्र पाल और चाय उत्पादक किसान बंसत जोशी शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय