एआरटीओ कार्यालय में औचक निरीक्षण, अनधिकृत ढाबे और बिचौलिये हटाए
हरिद्वार, 05 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने शनिवार को रोशनाबाद स्थित एआरटीओ कार्यालय में व्यवस्था सुधारने के लिए सख्त कदम उठाए। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा और एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा ने कार्यालय परिसर का संयुक्त औचक निरीक्षण किया, जिससे कार्यालय में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने कार्यालय के सभी पटलों और अनुभागों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। अभिलेखों और पंजिकाओं के रखरखाव, ई-ऑफिस प्रणाली की कार्य स्थिति तथा लंबे समय से लंबित पड़े प्रकरणों की समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि सभी रिकॉर्ड को अद्यतन रखा जाए और आम जनता से जुड़े कार्यों का निस्तारण पारदर्शी तरीके से समयबद्ध सीमा के भीतर किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें।
निरीक्षण के दौरान सबसे बड़ी कार्रवाई कार्यालय परिसर और उसके आसपास अतिक्रमण को लेकर की गई।
परिसर के अंदर और बाहर अनधिकृत रूप से चल रहे ढाबों को हटवाया गया। साथ ही कुर्सी-मेज लगाकर बैठे संदिग्ध लोगों और बिना किसी वैध काम के परिसर में घूम रहे लोगों को भी वहां से हटाया गया।
विभाग ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में कोई व्यक्ति बिना वैध कार्य के कार्यालय परिसर में पाया गया या किसी अनधिकृत गतिविधि में शामिल मिला तो उसके विरुद्ध नियमानुसार एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे अपने लाइसेंस, पंजीकरण और अन्य परिवहन संबंधी कार्य स्वयं निर्धारित प्रक्रिया से कराएं और किसी भी बिचौलिए के संपर्क में न आएं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला