सड़क हादसे में मौत के बाद हुए बवाल में पांच गिरफ्तार
हरिद्वार, 08 अप्रैल (हि.स.)। श्यामपुर थाना अंतर्गत चंडी घाट क्षेत्र में एक सड़क हादसे में हुई मौत के बाद अनियंत्रित भीड़ द्वारा किए गए बवाल के सिलसिले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में 50 से 60 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि 1 अप्रैल को चौकी चण्डीघाट क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मृतक के परिजनों के साथ सड़क जाम कर यातायात बाधित किया था। इस दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा पुलिस कार्मिकों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए चौकी में तोड़फोड़ कर राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुँचाया गया।
घटना के संबंध में अगले रोज 10 नामजद सहित 50-60 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कराया गया था। इस मामले में दरोगा सन्तोष सेमवाल ने कार्यवाही करते हुए बुधवार को 05 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सुबोध पुत्र बेचनराम, निवासी खत्ताबस्ती चण्डीघाट, उम्र 54 वर्ष, सन्दीप पुत्र स्व किशन, निवासी ग्राम कांगड़ी श्यामपुर, उम्र 22 वर्ष,सोनू उर्फ टुंडा पुत्र सन्तोष शर्मा, निवासी दीनदयाल पार्किंग, रोड़ीबेलवाला, उम्र 41 वर्ष. गोविन्द शाह पुत्र गणेश शाह उर्फ चित्रा, निवासी भीमगौड़ा खड़खड़ी, हाल निवासी गाजीवाली श्यामपुर, उम्र 30 वर्ष तथा रामबाबू उर्फ भूरा पुत्र जोगेन्द्र, निवासी दीनदयाल पार्किंग, रोड़ीबेलवाला, उम्र 45 वर्ष शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला