नाबालिग से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोपित गिरफ्तार

 


हरिद्वार, 26 नवंबर (हि.स.)। कनखल क्षेत्र में नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाकर उसके साथ दुष्कर्म करने और फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने उसे रुड़की रोड से दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को जगजीतपुर निवासी एक महिला ने कनखल कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि नवदीप नाम का युवक उसकी नाबालिग बेटी को आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भेजकर परेशान कर रहा है। आरोपी ने ये फोटो-वीडियो पीड़िता के रिश्तेदारों को भी भेजे थे। पीड़िता ने अपनी मां को बताया कि आरोपी ने उसे प्रेम जाल में फंसाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान फोटो-वीडियो बना लिए। इन्हीं के आधार पर वह उसे ब्लैकमेल कर रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। कनखल पुलिस की टीम ने आरोपित की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। हालांकि, आरोपित बार-बार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए उसे रुड़की रोड से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपित का नाम पता नवदीप सैनी पुत्र प्रवीण सैनी, निवासी रोहालकी, थाना बेहट, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) बताया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला