रानीखेत में 27 जुलाई से सेना भर्ती रैली, तैयारियां तेज
अल्मोड़ा, 23 जुलाई (हि.स.)। सेना भर्ती कार्यालय अल्मोड़ा की ओर से आयोजित होने वाली सेना भर्ती रैली की तैयारियां तेज कर दी गई है। रानीखेत स्थित कुमाऊं रेजिमेंट सेंटर के सोमनाथ मैदान में 27 जुलाई से भर्ती रैली शुरू होगी।
सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार, भर्ती रैली के लिए अभ्यर्थियों का सेना परिसर में प्रवेश की अनुमति सुबह 6 बजे तक ही दी जाएगी। भर्ती के पहले दिन उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी जिलों के धार्मिक शिक्षक जेसीओ एवं शिक्षा हवलदार श्रेणी के अभ्यर्थियों की दौड़ आयोजित की जाएगी।
सेना भर्ती कार्यालय अल्मोड़ा की ओर से बागेश्वर, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और अल्मोड़ा जिलों के अभ्यर्थियों के लिए भी भर्ती रैली आयोजित की जा रही है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी जिलों के अभ्यर्थियों के लिए केंद्रीय श्रेणी में धार्मिक शिक्षक जेसीओ, शिक्षा हवलदार और जोनल श्रेणी में सोल्जर टेक्निकल नर्सिंग असिस्टेंट और सिपाही फार्मा पदों की भर्ती भी होगी।
भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर 21 जुलाई को संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत के साथ बैठक आयोजित की गई। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को भर्ती के सुचारु संचालन के लिए सेना भर्ती कार्यालय को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्थानीय महिला समूहों को भर्ती में आने वाले अभ्यर्थियों के लिए रियायती दरों पर भोजन उपलब्ध कराने को कहा। अभ्यर्थियों के रात्रि विश्राम की व्यवस्था नेशनल इंटर कॉलेज, रानीखेत मिशन इंटर कॉलेज, कैंट इंटर कॉलेज, रंगोली बारातघर और शिव मंदिर ऑडिटोरियम में की जाएगी।
इसके साथ ही अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उचित दरों पर परिवहन व्यवस्था और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने सेना भर्ती कार्यालय अल्मोड़ा को भर्ती रैली के सफल आयोजन के लिए नागरिक प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय