सेना भर्ती : सीईई परीक्षा का परिणाम जारी, 27 जुलाई से होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा
देहरादून, 14 जुलाई (हि.स.)। भारतीय सेना भर्ती कार्यालय अल्मोड़ा ने भर्ती वर्ष 2027 के लिए आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) का परिणाम जारी कर दिया है। भर्ती कार्यालय ने सभी अभ्यर्थियों से अपना परिणाम भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर देखने की अपील की है।
रक्षा जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल चेतन सिंह कबसूड़ी के अनुसार उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी जिलों के केंद्रीय श्रेणी (रिलीजियस टीचर, जेसीओ कैटरिंग, एजुकेशन हवलदार तथा हवलदार सर्वेयर ऑटो) और जोनल श्रेणी (सिपाही फार्मा एवं नर्सिंग असिस्टेंट) के अभ्यर्थियों के साथ ही उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों के अग्निवीर श्रेणी के चयनित अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीएफटी) 27 जुलाई से नौ अगस्त तक रानीखेत स्थित सोमनाथ ग्राउंड में आयोजित की जाएगी।
भर्ती कार्यालय ने बताया कि पहले दो दिन केंद्रीय और जोनल श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित किए गए हैं, जबकि शेष दिनों में अग्निवीर श्रेणी के अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया होगी। शारीरिक दक्षता परीक्षा के साथ अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सभी मूल दस्तावेजों के साथ उनकी तीन-तीन स्वप्रमाणित प्रतियां तथा तीन माह से अधिक पुराने न होने वाले 20 पासपोर्ट आकार के फोटो लाने के निर्देश दिए गए हैं। रैली में प्रवेश के लिए रैली एडमिट कार्ड, आधार कार्ड एवं उससे लिंक मोबाइल नंबर, शैक्षणिक प्रमाण पत्र व अंकतालिका, जाति प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र तथा एक वर्ष के भीतर जारी ऑनलाइन पुलिस सत्यापन प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा।
भर्ती कार्यालय के अनुसार अग्निवीर श्रेणी में कुमाऊंनी जाति के अभ्यर्थियों के जाति प्रमाण पत्र में स्पष्ट रूप से संबंधित कुमाऊंनी जाति का उल्लेख होना चाहिए। केवल कुमाऊं क्षेत्र का निवासी होना पर्याप्त नहीं माना जाएगा।
कार्यालय ने चेतावनी दी है कि फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने वाले अभ्यर्थियों के विरुद्ध पुलिस में शिकायत दर्ज कर उनकी उम्मीदवारी निरस्त कर दी जाएगी। अभ्यर्थियों को भर्ती अधिसूचना का भली-भांति अध्ययन करने तथा शारीरिक परीक्षा की तैयारी जारी रखने की सलाह दी गई है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय