एएनटीएफ ने एनसीसी कैडेट्स को 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' अभियान की दी जानकारी

 


हरिद्वार, 25 जुलाई (हि.स.)। भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित अभियान के तहत शनिवार को एएनटीएफ हरिद्वार की टीम ने आनंदमयी महिला इंटर कॉलेज, मायापुर में छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम में छात्राओं को गुजरात स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल को समर्पित विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (182 मीटर) के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सरदार पटेल की दूरदर्शिता, राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान व देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में उनकी ऐतिहासिक भूमिका पर प्रकाश डाला गया।

एएनटीएफ टीम ने छात्राओं को नेतृत्व क्षमता, एकजुटता, कर्तव्यनिष्ठा और 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इसके अलावा उन्हें मानस पोर्टल (1933) के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में एएनटीएफ शाखा के उपनिरीक्षक लखपति बुटौला, हेड कांस्टेबल रियाज, कांस्टेबल रंजीत सिंह तथा महिला कांस्टेबल चांदनी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला