अंकिता के माता-पिता ने गांधी पार्क में दिया धरना, न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का ऐलान
- विनोद आर्य और निजी मोबाइल चैट सार्वजनिक करने वाले अधिवक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग
- डीजीपी कार्यालय तक निकाला मार्च
- गणेश गोदियाल, हरीश रावत समेत कांग्रेस नेताओं ने दिया समर्थन, कहा-अंकिता के माता-पिता के साथ खड़ी है कांग्रेस
देहरादून, 25 नवंबर (हि.स.)। अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उसके माता-पिता ने बुधवार को गांधी पार्क में धरना देकर सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने अंकिता के चरित्र पर कथित रूप से लांछन लगाने वाले विनोद आर्य और उसके मोबाइल फोन की निजी चैट सार्वजनिक करने वाले अधिवक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। अंकिता के पिता ने आरोप लगाया कि शिकायत लेकर थाने जाने के बावजूद पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की और उन्हें अलग-अलग अधिकारियों के पास भेजकर टालमटोल करती रही। उन्होंने कहा कि जब तक संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
धरने के दौरान अंकिता के पिता ने कहा कि विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता ने उनकी बेटी के चरित्र को लेकर आपत्तिजनक बातें कहीं और निजी चैट को बढ़ा-चढ़ाकर प्रेस वार्ता में प्रस्तुत किया। इस संबंध में वह देहरादून के राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराने गए थे, लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कभी डीजीपी, कभी एसएसपी तो कभी हरिद्वार जाने की बात कहती रही। सरकार जानबूझकर कार्रवाई में देरी कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक विनोद आर्य और संबंधित अधिवक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक विरोध जारी रहेगा। उन्होंने अंकिता को न्याय दिलाने के लिए साथ खड़े लोगों का आभार भी जताया।
अंकिता के माता-पिता के धरने को समर्थन देने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह, डॉ. हरक सिंह रावत और प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित कांग्रेस के अन्य नेता पहुंचे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता के माता-पिता अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। एक ऐसी बेटी, जो अब इस दुनिया में नहीं है, उसके चरित्र पर सवाल उठाकर उसकी गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास निंदनीय है। उन्होंने कहा कि अंकिता के निजी मोबाइल की चैट सार्वजनिक करना उसकी निजता और गरिमा का गंभीर उल्लंघन है। कानून सबके लिए समान होना चाहिए और किसी को राजनीतिक रसूख या प्रभाव के आधार पर कानून से बचने का अवसर नहीं मिलना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि वह भी एक बेटी के पिता हैं और उनकी बहनें हैं। इसलिए अंकिता के न्याय की लड़ाई हर उस व्यक्ति की लड़ाई है, जिसकी बहन और बेटी है। उन्होंने कहा कि अंकिता ने अपने स्वाभिमान, संस्कृति और गरिमा की रक्षा के लिए समझौता करने के बजाय अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता की मौत के लिए जिम्मेदार कथित वीआईपी को कानून के शिकंजे में लाने के बजाय अब उसी के चरित्र पर सवाल उठाए जा रहे हैं। सरकार को संबंधित व्यक्ति के खिलाफ स्वतः संज्ञान लेकर साइबर अपराध के तहत कार्रवाई करनी चाहिए थी। रावत ने आरोप लगाया कि अंकिता के माता-पिता की शिकायत तक दर्ज नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने तक यह आंदोलन जारी रहेगा और यह केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की अस्मिता और बेटियों के सम्मान का सवाल है।
धरने के बाद गणेश गोदियाल ने शाम में अंकिता के माता-पिता और कांग्रेस नेताओं के साथ गांधी पार्क से पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कार्यालय तक मार्च निकाला। वहां संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई। गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस अंकिता के माता-पिता के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय की लड़ाई में पीछे नहीं हटेगी। पुलिस प्रशासन को शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेकर मुकदमा दर्ज करना चाहिए तथा जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं,पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने ‘वीआईपी कौन है, सरकार मौन है’ और ‘बलात्कारियों पर हल्ला बोल’ जैसे नारे लगाए। उन्होंने अंकिता प्रकरण में कथित वीआईपी की पहचान उजागर करने और जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यालय को लेकर भी नारेबाजी की गई।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय