आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर डीएम को सौंपा ज्ञापन

 


पौड़ी गढ़वाल, 09 अप्रैल (हि.स.)। जिला मुख्यालय पौड़ी में गुरुवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे लंबे समय से कई समस्याओं से जूझ रही हैं, लेकिन अब तक उनके समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ती व सेविका मिनी कर्मचारी संगठन उत्तराखंड के बैनर तले पौड़ी ब्लॉक कार्यकारिणी के सदस्य एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय मूर्ति स्थल पर एकत्रित हुए। इस दौरान उन्होंने धरना-प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की।

ब्लॉक अध्यक्ष रिंकी रावत ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि की मांग उठाई। उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी मांग की। उनका कहना था कि वर्तमान व्यवस्था में कार्यकर्ताओं को पर्याप्त सामाजिक सुरक्षा नहीं मिल रही है।

इसके अलावा कार्यकर्ताओं ने बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली को लागू न किए जाने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि इस प्रणाली से कार्य में व्यावहारिक दिक्कतें आती हैं और तकनीकी समस्याओं के कारण कई बार उपस्थिति दर्ज कराने में परेशानी होती है।

धरने में जिला प्रभारी दिनीता रावत, कोषाध्यक्ष लविता, उपाध्यक्ष शांति, सरोजनी, सुषमा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह