अंबरीश के नाम पर हो ऋषिकुल के नवनिर्मित गंगा घाट का नामकरण

 


हरिद्वार, 11 सितंबर (हि.स.)। ऋषिकुल क्षेत्र में नवनिर्मित गंगा घाट के नामकरण को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोज सैनी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में न्यू अंबरीश कुमार विचार मंच के अध्यक्ष सोम त्यागी और पहाड़ी महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास समेत अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

मुख्य विकास अधिकारी को सौंपे मांग पत्र में न्यू अंबरीश कुमार विचार मंच के अध्यक्ष सोम त्यागी ने मांग की कि ऋषिकुल स्थित नवनिर्मित गंगा घाट का नाम “स्वर्गीय अंबरीश कुमार गंगा घाट” रखा जाए। सोम त्यागी ने कहा कि स्वर्गीय अंबरीश कुमार हरिद्वार के पूर्व विधायक, समाजसेवी और लोकप्रिय जननेता रहे हैं। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में क्षेत्र की जनता के हितों, सामाजिक सरोकारों और जनसेवा को प्राथमिकता दी। हरिद्वार के सामाजिक और राजनीतिक जीवन में उनके योगदान को आज भी सम्मान के साथ याद किया जाता है। ऐसे में उनके नाम पर घाट का नामकरण उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने की दिशा में सार्थक कदम होगा।

वहीं, पहाड़ी महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास ने भी उत्तराखंड आंदोलनकारियों के सम्मान में उनके नाम पर एक गंगा घाट विकसित किए जाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण आंदोलन में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों की स्मृति को भी सार्वजनिक स्थलों के माध्यम से सम्मान मिलना चाहिए।प्रतिनिधिमंडल में पहाड़ी महासभा के महामंत्री यशवंत बिष्ट, विवेक त्यागी और अजय नेगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला