भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय में पूर्व विद्यार्थी मिलन समारोह
नैनीताल, 23 नवंबर (हि.स.)। भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय में आयोजित पूर्व विद्यार्थी मिलन समारोह में विद्यालय के 150 पूर्व विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर किया। इसके बाद पूर्व विद्यार्थियों ने अपना परिचय दिया और विद्यालय में बिताये दिनों की खट्टी-मीठी यादें साझा कीं।
समारोह में पूर्व विद्यार्थी अनिल नेगी ने अपनी संगीतमय प्रस्तुति से समां बांधा। अन्य पूर्व विद्यार्थियों ने भी गीत-संगीत की प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर पूर्व विद्यार्थियों ने विद्यालय को आर्थिक सहयोग दिया और भविष्य में भी सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया।
समारोह में विद्यालय के पूर्व छात्र संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। इसमें शांति मेहरा, ज्योति प्रकाश, विशन सिंह मेहता और डॉ. नीता बोरा शर्मा को संरक्षक मंडल में शामिल किया गया। वहीं डॉ. मनोज बिष्ट को अध्यक्ष, शैलेन्द्र साह को उपाध्यक्ष, डॉ. महेन्द्र राणा को सचिव, सुमित खन्ना को कोषाध्यक्ष तथा दीपक कुमार ‘भोलू’ को उपसचिव मनोनीत किया गया।
साथ ही कार्यकारिणी सदस्यों में रोहित गर्ग, गोविन्द सिंह बोरा, चेतन बलूटिया, महेश, हरदयाल, डॉ. उर्मिला और कैलाश जोशी को शामिल किया गया। अंत में प्रधानाचार्य ने सभी पूर्व विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रवीण सती और दीपक कुमार ‘भोलू’ ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी