पैतृक गांव कांडा पहुंचे दिल्ली भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद बछेती
पौड़ी गढ़वाल, 19 अक्टूबर (हि.स.)।दिल्ली भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं डीपीएमआई संस्थान के चेयरमैन डॉ. विनोद बछेती अपने पैतृक गांव कांडा पहुंचे। विकासखंड कोट की पट्टी सित्योंस्यूं स्थित गांव कांडा में 17 से 19 अक्तूबर तक कुलदेवी मां जालंधरा देवी मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय विशेष धार्मिक अनुष्ठान में वह परिवार सहित शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कुलदेवी की पूजा-अर्चना कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
मां जालंधरा शक्तिपीठ मंदिर सेवा समिति की ओर से आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के दौरान गंगा स्नान, देवी का मंडाण, कीर्तन-भजन और पूजा-पाठ सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। अनुष्ठान में बछेती परिवार के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी भाग लिया और मां जालंधरा देवी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
पौड़ी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान डॉ. विनोद बछेती ने कहा कि व्यस्तताओं के बावजूद व्यक्ति को अपनी मातृभूमि और पैतृक गांव के प्रति अपने दायित्वों को नहीं भूलना चाहिए। गांव से जुड़ाव केवल जन्मभूमि तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों का भी प्रतीक है। उन्होंने बताया कि वह हर एक-दो महीने में अपने गांव जरूर आते हैं। इसके अलावा चैत्र और शारदीय नवरात्र के दौरान कुलदेवी मां जालंधरा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस बार तीन दिवसीय प्रवास के दौरान पैतृक गांव में समय बिताने, स्थानीय लोगों से संवाद करने और धार्मिक आयोजन में शामिल होने का अवसर मिला। गांव की मिट्टी और यहां की खुशबू उन्हें नई ऊर्जा प्रदान करती है। अपनी जड़ों से जुड़े रहना जीवन में महत्वपूर्ण है और नई पीढ़ी को भी अपनी मातृभूमि, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने की प्रेरणा लेनी चाहिए।
इस अवसर पर डॉ. विनोद बछेती की माता कमला देवी, पत्नी पूनम बछेती, बड़े भाई अशोक बछेती, छोटे भाई सुभाष बछेती, रमेश बछेती और कैलाश बछेती सहित समस्त बछेती परिवार तथा गांव कांडा के ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह