अर्धकुंभ के 709 करोड़ के बजट का दुरुपयोग, कांग्रेस ने मांगा श्वेत पत्र
हरिद्वार, 04 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने अर्धकुंभ के लिए जारी 709 करोड़ रुपये के बजट के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्यों की उच्च स्तरीय जांच और श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है।
प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता में शर्मा ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की लापरवाही से कुंभ बजट का खुला दुरुपयोग हो रहा है। भाजपा के पार्षद भी निर्माण कार्यों पर सवाल उठा रहे हैं। ज्वालापुर और बहादराबाद क्षेत्र को विकास कार्यों से पर्याप्त रूप से नहीं जोड़ा गया।
उन्होंने कहा कि सीतापुर, रवि विहार, ब्रह्मपुरी, शिव विहार, आन्नेकी और रोशनाबाद सहित कई क्षेत्रों में सड़कें बदहाल हैं, सीवर लाइन नहीं है। पानी की टंकियां बना दी गईं लेकिन कनेक्शन नहीं मिले। यदि बजट से इन क्षेत्रों में कार्य होते तो स्थानीय लोगों को लाभ मिलता।
शर्मा ने निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए हर कार्यस्थल पर साइन बोर्ड लगाने, अधिकारियों के मोबाइल नंबर और कार्यदायी संस्था का नाम अंकित करने की मांग की। थर्ड पार्टी ऑडिट सार्वजनिक किया जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ कार्य पहले कराए जा रहे हैं और टेंडर बाद में हो रहे हैं। अर्धकुंभ आस्था का पर्व है, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। किसी भी तरह की बंदरबांट स्वीकार नहीं की जाएगी।
वार्ता में जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, सोम त्यागी, मनोज सैनी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला