हरिद्वार में संपादकों का कुंभ, गूंजा पत्रकारिता का संदेश
हरिद्वार, 01 सितंबर (हि.स.)। प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया से अधिसूचित अखिल भारतीय समाचार पत्र एसोसिएशन की उत्तराखंड इकाई के तत्वावधान में मंगलवार को प्रेस क्लब सभागार में प्रांतीय अधिवेशन, वरिष्ठ संपादक सम्मान समारोह एवं वर्तमान दौर में समाचार पत्रों की भूमिका पर गोष्ठी हुई। प्रदेशभर से साप्ताहिक, पाक्षिक और मासिक पत्रों के संपादक जुटे।
अध्यक्षता कर रहे मिश्री मठ के महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाहों का बाजार गर्म है, लेकिन अखबार की खबर पर आज भी भरोसा है। अखबार समाज का आईना है और सत्य को बिना लाग-लपेट के रखना पत्रकार की सबसे बड़ी साधना है।
मुख्य अतिथि विधायक मदन कौशिक ने कहा कि पत्रकारिता चुनौतीपूर्ण पेशा बन गया है। पत्रकार जान जोखिम में डालकर सच्चाई सामने लाते हैं, इसके बावजूद डराने-धमकाने और मुकदमों का सामना करना पड़ता है। सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने कहा कि सुबह आज भी लोगों को अखबार का इंतजार रहता है। चाय की चुस्की के साथ अखबार पढ़ने की परंपरा कायम है। विभाग छोटे अखबारों के हितों की रक्षा कर रहा है।
राज्यमंत्री सुरजीत सिंह गांधी ने कहा कि मसालेदार खबरों के दौर में भी दूर-दराज की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने में अखबारों की अहम भूमिका है। श्री गंगा सभा अध्यक्ष नितिन गौतम ने कहा कि हरिद्वार और गंगा को दुनिया तक पहुंचाने में पत्रकारों का बड़ा योगदान है।
प्रदेश अध्यक्ष अमित कुमार शर्मा ने छोटे अखबारों को लोकतंत्र की रीढ़ बताते हुए पत्रकार पेंशन, अधिमान्यता और विज्ञापन नीति में सुधार की मांग उठाई।समारोह में 21 वरिष्ठ संपादकों को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया गया। संचालन ललितेन्द्र नाथ और बालकृष्ण शास्त्री ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला