90 किलो गांजा बरामदगी मामले में फरार आरोपी मुरादाबाद से गिरफ्तार
पौड़ी गढ़वाल, 29 सितंबर (हि.स.)।लैंसडाउन में 90 किलो गांजा बरामदगी के मामले में कई माह से फरार चल रहे वांछित आरोपी को पुलिस ने मुरादाबाद से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस के सूचना तंत्र और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर उसकी लोकेशन मिलने के बाद टीम ने 28 सितंबर को मुरादाबाद में दबिश देकर उसे दबोच लिया।
12 मार्च को कोतवाली लैंसडाउन पुलिस और सीआईयू की टीम ने चेकिंग के दौरान दो वाहनों से 90 किलो गांजा बरामद किया था। मामले में सात आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। विवेचना के दौरान मुरादाबाद के कांठ निवासी आत्मप्रकाश (40) की संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था।
पुलिस के अनुसार, संभावित ठिकानों पर दबिश और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के साथ सूचना तंत्र को सक्रिय रखा गया। इसी दौरान आरोपी के मुरादाबाद में होने की सूचना मिली। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम मे अपर उपनिरीक्षक प्रवेश कुमार, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार और हेड कांस्टेबल पंकज कुमार शर्मा शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह