मोहर्रम पर प्रशासन सख्त: आग के करतबों पर रोक, ताजिया-झंडों की ऊंचाई के भी निर्देश

 


हरिद्वार, 24 जून (हि.स.)। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर कार्यालय में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने की, जिसमें मुस्लिम समुदाय के गणमान्य नागरिकों, अखाड़ा समिति के पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि मोहर्रम त्याग, बलिदान और भाईचारे का प्रतीक पर्व है। उन्होंने सभी लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने और किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के दौरान मुंह में तेल डालकर आग पर फूंक मारने जैसी जोखिमपूर्ण गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने बताया कि ताजिया और झंडों की ऊंचाई भी निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाएगी, ताकि विद्युत लाइनों और अन्य व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। प्रशासन ने आयोजकों को सुरक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

क्षेत्राधिकारी ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक और भड़काऊ सूचनाओं से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध पोस्ट, वीडियो या संदेश की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।

कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी ने कहा कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। जुलूसों, ताजिया कार्यक्रमों और अखाड़ा प्रदर्शनों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों और आयोजकों से प्रशासनिक निर्देशों का पालन करते हुए सहयोग करने की अपील की। बैठक में चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी, ताहिर हसन, ग्राम प्रधान इस्तखार अहमद, पूर्व प्रधान ताहिर हसन, कमरुद्दीन, शहजाद आलम, जावेद अली सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला