आदिबदरी मंदिर समूह को बीकेटीसी में शामिल करने की कवायद तेज
आदिबदरी, 07 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के चमोली जिले के आदिबदरी मंदिर समूह को बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) में शामिल करने की प्रक्रिया को लेकर सोमवार को बीकेटीसी की उच्चस्तरीय टीम ने मंदिर का दौरा किया और मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली।
बीकेटीसी के उपाध्यक्ष एवं भूसंपत्ति उपसमिति के अध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती के नेतृत्व में पहुंची टीम का आदिबदरी मंदिर प्रबंध समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने स्वागत किया। बैठक में मंदिर की पूजा पद्धति एवं व्यवस्थाओं, भूसंपत्ति, हक-हकूकधारियों तथा मंदिर से संबंधित धार्मिक एवं अन्य आयोजनों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली गई।
आदिबदरी मंदिर समूह को बीकेटीसी में शामिल किए जाने की मांग लंबे समय से क्षेत्रीय जनता और मंदिर प्रबंध समिति की ओर से की जाती रही है। इस संबंध में मंदिर समिति और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री और बीकेटीसी अध्यक्ष एवं मुख्य कार्याधिकारी को पत्र भेजे थे। इन्हीं पत्रों के संदर्भ में बीकेटीसी टीम ने मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि जनभावनाओं को देखते हुए आदिबदरी मंदिर समूह को बीकेटीसी में शामिल किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी 12 सितंबर को ऋषिकेश में होने वाली बीकेटीसी बोर्ड की बैठक में मंदिर समूह को समिति में शामिल करने का प्रस्ताव रखा जाएगा। बोर्ड के निर्णय के बाद ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक के बाद आदिबदरी मंदिर प्रबंध समिति की ओर से बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती सहित टीम के सदस्यों को आदिबदरी मंदिर समूह का चित्र भेंट किया गया।
बैठक में बीकेटीसी सदस्य दिनेश डोभाल,धीरज पंचभैय्या, डॉ. विनीत पोस्ती,अवर अभियंता गिरीश रावत, प्रभारी संपत्ति निरीक्षक कुलदीप बिष्ट,मंदिर समिति अध्यक्ष जगदीश बहुगुणा, कोषाध्यक्ष विजय चमोला, ग्राम प्रधान नवीन बहुगुणा, मंदिर के पुजारी सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण