दिल्ली की प्राइवेट कार में मिलीं आदि कैलाश यात्रा की सवारियां, वाहन सीज व 35 हजार का जुर्माना
पिथाैरागढ़, 21 मई (हि.स.)। जिले में एआरटीओ प्रवर्तन की चेकिंग अभियान जारी है। आदि कैलाश, ओम पर्वत यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने व अवैध वाहन संचालन पर रोक लगाने के लिए परिवहन विभाग पिथौरागढ़ ने गुरुवार को पिथौरागढ़–आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। चेकिंग अभियान के दौरान दिल्ली पंजीकरण की एक प्राइवेट एर्टिगा कार यात्रियों को लेकर आदि कैलाश यात्रा पर जाती हुई पाई गई।
एआरटीओ प्रवर्तन पिथौरागढ़ शिवांश कांडपाल के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने यात्रा मार्ग पर संचालित वाहनों की गहन जांच की। चेकिंग अभियान के दौरान दिल्ली पंजीकरण की एक प्राइवेट एर्टिगा कार यात्रियों को लेकर आदि कैलाश यात्रा पर जाती हुई पाई गई। जांच में वाहन का व्यावसायिक उपयोग किया जाना पाया गया, यात्रियों ने बताया कि उन्होंने टूर ऑपरेटर से 32 हजार में गाड़ी बुक की है, जबकि वाहन के पास वैध कॉन्ट्रैक्ट कैरिज परमिट नहीं था। जांच के दौरान चालक ने प्रवर्तन टीम को फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस भी प्रस्तुत किया, जो कि फोटोशॉप कर के बनाया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए परिवहन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया और तथा वाहन स्वामी व चालक के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में 35 हजार का जुर्माना आरोपित किया।
अभियान के दौरान एक अन्य वाहन को भी विभिन्न अनियमितताओं के चलते सीज किया गया, जबकि कुल 19 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त बिना हिल एंडोर्स्ड ड्राइविंग लाइसेंस के पर्वतीय मार्गों पर वाहन संचालन करते पाए जाने पर 6 वाहनों के विरुद्ध विशेष रूप से चालान किए गए।
एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल ने कहा कि पर्वतीय मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए हिल एंडोर्स्ड ड्राइविंग लाइसेंस अत्यंत आवश्यक है तथा बिना निर्धारित योग्यता एवं वैध दस्तावेजों के किसी भी वाहन को यात्रा मार्ग पर संचालित नहीं होने दिया जाएगा। प्रवर्तन टीम ने फिटनेस प्रमाणपत्र, टैक्स, परमिट, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। उन्होंने वाहन संचालकों एवं टूर ऑपरेटर्स को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर केवल वैध अभिलेखों वाले वाहन ही संचालित किए जाएं। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन स्वामियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा परिवहन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है व यात्रा अवधि के दौरान सघन प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेंगे और प्राइवेट वाहनों में सवारी ले जाते पाए जाने पर वाहन को तत्काल सीज किया जाएगा। इस दौरान मौके पर परिवहन आरक्षी सीमा, अमित, बलदेव और महेंद्र मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल