हरिद्वार में कांवड़ियों के लिए पेयजल व्यवस्था चाक-चौबंद : राजेश गुप्ता
हरिद्वार, 08 अगस्त (हि.स.)।
कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार पहुंच रहे लाखों शिवभक्तों की सुविधा के लिए प्रशासन ने पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर दक्षदीप, गौरी शंकर, बैरागी कैंप और लालजीवाला समेत प्रमुख कांवड़ पड़ावों और पार्किंग स्थलों पर नियमित पेयजल आपूर्ति की जा रही है।
अधिशासी अभियंता जल निगम राजेश गुप्ता ने बताया कि गर्मी और लंबी यात्रा को देखते हुए इन क्षेत्रों में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। बेहतर व्यवस्था से श्रद्धालुओं को पानी के लिए भटकना नहीं पड़ रहा। गौरी शंकर क्षेत्र में श्रद्धालु व्यवस्था से संतुष्ट हैं। बैरागी कैंप और लालजीवाला पार्किंग में भी बड़ी संख्या को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
राजेश गुप्ता ने कहा कि मेले के दौरान पीने, स्नान और शौचालयों के लिए पानी की कमी न हो, इसके लिए पेयजल निगम हरसंभव प्रयास कर रहा है। नगर निगम की मेयर किरण जैसल ने बेहतर जल व्यवस्था के लिए निगम के अधिकारियों का आभार जताया और कहा कि कांवड़ियों के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होना बड़ी राहत है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला