ई-रिक्शा और तिपहिया वाहनों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई
हरिद्वार, 14 सितंबर (हि.स.)। यातायात नियमों का उल्लंघन कर सड़कों पर दौड़ रहे ई-रिक्शा, तिपहिया और अन्य वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान में कुल 179 वाहनों के चालान किए गए, 21 वाहन सीज किए गए और 65 मामलों में दस्तावेज इम्पाउंड किए गए।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा के निर्देश पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया गया।
मुख्य फोकस नियमों का उल्लंघन कर संचालित ई-रिक्शा और यात्री तिपहिया वाहनों पर रहा।
जांच में 44 ई-रिक्शा और 38 यात्री तिपहिया सहित कुल 82 ई-रिक्शा-तिपहिया वाहनों के चालान किए गए। इनमें ओवरलोड सवारी बैठाने, बिना वैध लाइसेंस, बीमा, कर और परमिट के वाहन संचालन जैसी अनियमितताएं मिलीं।
अभियान में इंटरसेप्टर प्रभारी वरुणा सैनी और टास्क फोर्स चिड़ियापुर के मुकेश भारती की प्रमुख भूमिका रही। बाइक स्क्वाड भी सक्रिय रहा।
ई-रिक्शा के साथ ही दोपहिया, बस, मालवाहक, मोटर कैब, मैक्सी कैब वाहनों की भी जांच हुई। बिना हेलमेट, ओवरलोडिंग, बिना बीमा-परमिट, परमिट शर्तों के उल्लंघन, अनधिकृत परिवर्तन, मालवाहक में सवारी बैठाने और सीट बेल्ट-रिफ्लेक्टर नियम तोड़ने पर कार्रवाई की गई। अभियान हरिद्वार-देहरादून मार्ग, सिडकुल, रानीपुर मोड़, रावली महदूद, चंडी चौक, बहादराबाद और एनएच-34 पर चलाया गया।
विभाग ने संचालकों को क्षमता अनुसार सवारी बैठाने और वैध दस्तावेज रखने के निर्देश देते हुए कहा कि उल्लंघन पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला