केदार धाम यात्रा में नियम तोड़ने वाले 409 वाहन संचालकों पर कार्रवाई

 


देहरादून, 13 मई (हि.स.)। केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित व दुर्घटनामुक्त बनाए रखने के लिए जनपद प्रशासन और परिवहन विभाग पूर्ण गंभीरता एवं सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रुद्रप्रयाग धर्मेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में यात्रा मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि यात्रा अवधि में श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। परिवहन विभाग ने अप्रैल माह में जांच अभियान चलाते हुए बिना ग्रीन कार्ड, ट्रिप कार्ड, निर्धारित यूनिफॉर्म, वैध इंश्योरेंस, ड्राइविंग लाइसेंस, फायर एक्सटेंग्यूसर, मेडिकल किट व अन्य आवश्यक दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 409 चालान किए गए, जिनसे 11.03 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क प्राप्त हुआ।

एआरटीओ धर्मेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि केदारनाथ यात्रा देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी है। ऐसे में यात्रा मार्गों पर संचालित प्रत्येक वाहन का सुरक्षित एवं मानक अनुरूप होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग की टीमें लगातार विभिन्न पड़ावों, चेकिंग प्वाइंट्स एवं यात्रा मार्गों पर निगरानी बनाए हुए हैं व नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने वाहन स्वामियों व चालकों से अपील करते हुए कहा कि सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखें और सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्रभावित करने वाली किसी भी लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए आगे भी सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल