स्मैक तस्करी का आरोपित गिरफ्तार
हरिद्वार, 06 नवंबर (हि.स.)। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ऑपरेशन प्रहार के तहत मंगलौर कोतवाली पुलिस ने लंढौरा क्षेत्र में एक आरोपित को 13.80 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 14 हजार रुपये है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगलौर ने पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन कर नशा तस्करों की धरपकड़ के निर्देश दिए थे। पुलिस टीमें संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ लिंक मार्गों, ग्रामीण क्षेत्रों, कस्बों और हाईवे पर लगातार चेकिंग अभियान चला रही हैं।
इसी अभियान के दौरान पुलिस ने लंढौरा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान अनीश पुत्र जमशैद निवासी भगवानपुर चंदनपुर, कोतवाली मंगलौर को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 13.80 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली मंगलौर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला