पुलिस से भिड़ा आरोपित, सिपाही के साथ धक्का-मुक्की, वीडियो वायरल
हरिद्वार, 27 जून (हि.स.)। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर चौकी अंतर्गत गांव टांडा महतोली में पुलिस टीम पर हमला करने और हिरासत में लिए गए आरोपित को छुड़ाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोपित और उसके परिजनों की तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सुमित नामक व्यक्ति ने डायल 112 पर कॉल करने के साथ सुल्तानपुर चौकी में लिखित शिकायत दी थी कि गुलशन पुत्र श्यामलाल ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की है।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए चेतक ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल सतपाल राणा और कांस्टेबल जगत चौहान मौके पर पहुंचे और आरोपित गुलशन को पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाने लगे। आरोप है कि इसी दौरान गुलशन ने कांस्टेबल सतपाल राणा के साथ धक्का-मुक्की करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। देखते ही देखते आरोपित के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम से भिड़ गए। हंगामे के बीच आरोपित को पुलिस की पकड़ से छुड़ा लिया गया।
स्थिति बिगड़ती देख दोनों पुलिसकर्मी चौकी लौट आए और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। तत्काल कोतवाली पुलिस की दो टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गांव पहुंचीं, लेकिन तब तक आरोपी अपने परिवार के साथ फरार हो चुका था। आरोपित पहले भी झगड़े, गाली-गलौज और मारपीट की घटनाओं में शामिल रहा है।
सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि एक पुलिसकर्मी के साथ हाथापाई की घटना हुई है। आरोपी और उसके परिजन फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला