टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक चोरी करने वाला आरोपित गिरफ्तार
नैनीताल, 25 जून (हि.स.)। कोतवाली मल्लीताल पुलिस ने टेस्ट ड्राइव के बहाने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने आरोपित को बारापत्थर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध पूर्व में भी चोरी का अभियोग दर्ज होने की जानकारी मिली है।
नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते माह 11 मई को मल्लीताल निवासी पुष्कर आर्या ने शिकायत दी थी कि एक व्यक्ति 7 मई को मोटरसाइकिल किराये पर लेने के बाद टेस्ट ड्राइव के बहाने वाहन लेकर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना वरिष्ठ उप निरीक्षक दिनेश जोशी को सौंपी गयी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र और क्षेत्राधिकारी अंजना नेगी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपित की पहचान विजय राणा पुत्र सुरेंद्र राणा निवासी विजयपुर, द्वाराहाट, जनपद अल्मोड़ा के रूप में की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बारापत्थर क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे चोरी की मोटरसाइकिल संख्या यूके04टीबी-6551 एवेंजर सहित गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित के विरुद्ध कोतवाली रानीखेत में चोरी का एक अन्य अभियोग पहले से दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक दिनेश जोशी, मुख्य आरक्षी संजीत राणा तथा आरक्षी संतोष बिष्ट, शाहिद अली और विजेंद्र धामी शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी