नाबालिग साली को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोपित गिरफ्तार, बालिका बरामद
हरिद्वार, 22 सितंबर (हि.स.)। ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी बालिका का जीजा है और उसे अपने साथ शिमला ले गया था।
पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त को शक्तिनगर कॉलोनी, सुल्तानपुर मजरी रानीपुर निवासी महिला ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री को उसका जीजा कलीम पुत्र इरशाद निवासी रामपुर डांडी, रुड़की घर से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। सूचना के आधार पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।
प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने नाबालिग की तलाश शुरू की। इस दौरान लगातार की गई कार्रवाई के बाद पुलिस को आरोपित के संबंध में अहम सुराग मिला।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नहर पटरी, ज्वालापुर से 25 वर्षीय कलीम पुत्र इरशाद, निवासी रामपुर डांडी, रुड़की, को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से नाबालिग बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह 25 अगस्त को अपनी नाबालिग साली को अपने साथ शिमला ले गया था।
परिजनों की ओर से मुकदमा दर्ज कराए जाने की जानकारी मिलने के बाद वह बालिका को लेकर वापस घर आ रहा था। पुलिस ने नाबालिग के बयान दर्ज कराने के साथ मेडिकल परीक्षण कराया। आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही कर उसका चालान कर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला