अचानक गिरा विशाल नीम का पेड़, दुकानें और स्कूटी क्षतिग्रस्त
हरिद्वार, 17 अप्रैल (हि.स.)। उपनगरी कनखल क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब आनंदमयी आश्रम के बाहर सड़क किनारे खड़ा एक विशालकाय नीम का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा। घटना सुबह करीब 10 बजे की है, जिससे आसपास की दुकानें और एक स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि मार्ग भी कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेड़ काफी पुराना और जर्जर हो चुका था, जो अचानक गिर गया। पेड़ के नीचे दो दुकानें, एक फूल की दुकान और एक माला-चूड़ी की दुकान दब गईं। वहीं पास में खड़ी एक स्कूटी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही फायर कर्मियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए पेड़ को काटकर हटाने का काम शुरू किया, जबकि पुलिस ने यातायात को नियंत्रित कर लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग को दोबारा खोल दिया गया और यातायात सुचारू हुआ।
गनीमत यह रही कि हादसे के समय क्षेत्र में भीड़ कम थी। यहां दिनभर श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। अगर घटना भीड़भाड़ के समय होती, तो बड़ा नुकसान हो सकता था। सीएफओ वंश बहादुर यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और पेड़ को हटाकर रास्ता साफ किया गया। प्रारंभिक जांच में पेड़ के अत्यधिक पुराना होने की बात सामने आई है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला