नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोपित गिरफ्तार

 


हरिद्वार, 26 सितंबर (हि.स.)। ऑपरेशन प्रहार के तहत लक्सर पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नाबालिग को भी बरामद कर लिया है। आरोपित के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को नरोजपुर निवासी व्यक्ति ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव का शाहिद उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपित की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक लक्सर ने पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों और आने-जाने वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी।

पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता, सुरागरसी और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए आरोपी की तलाश जारी रखी। 26 सितंबर को पुलिस ने लक्सर क्षेत्र से आरोपित शाहिद पुत्र सहीद, निवासी ग्राम नरोजपुर को हिरासत में ले लिया। साथ ही नाबालिग को भी बरामद कर लिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला