आंचल दूध के दाम बढ़े, शुक्रवार से नई दरें लागू
-दूध दो से चार रुपये लीटर तक महंगा,पनीर और क्रीम के दामों में भी वृद्धि, 13 उत्पादों की नई मूल्य सूची जारी
नैनीताल, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में आंचल दूध और दुग्ध उत्पादों का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को अब अधिक कीमत चुकानी होगी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं ने दूध, पनीर, क्रीम और चाय स्पेशल समेत 13 उत्पादों की नई दरें जारी की हैं। नई कीमतें शुक्रवार 20 नवंबर से लागू होंगी। दूध की विभिन्न श्रेणियों में दो से चार रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की गई है।
संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा की ओर से जारी मूल्य सूची के अनुसार आंचल गोल्ड फुल क्रीम दूध की कीमत 72 रुपये से बढ़ाकर 76 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। गाय का दूध अब 58 के बजाय 60 रुपये और शक्ति स्टैंडर्ड दूध 60 के बजाय 63 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। डबल टोंड दूध की कीमत भी 54 से बढ़ाकर 56 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं 170 मिलीलीटर के पैकेट की कीमत 10 से बढ़ाकर 12 रुपये कर दी गई है।
छह लीटर के गोल्ड फुल क्रीम दूध पैक की कीमत 426 से बढ़ाकर 450 रुपये और शक्ति स्टैंडर्ड दूध पैक की कीमत 355 से बढ़ाकर 372 रुपये कर दी गई है। एक लीटर चाय स्पेशल पैक अब 60 के बजाय 62 रुपये में मिलेगा। इसी तरह 180 ग्राम पनीर का पैकेट 80 से बढ़ाकर 85 रुपये और एक किलोग्राम क्रीम का पैक 530 से बढ़ाकर 580 रुपये कर दिया गया है।
चाय स्पेशल के छोटे पैकेटों में भी उपभोक्ताओं को झटका लगा है। 20 रुपये वाले पैकेट में अब 350 के बजाय 320 मिलीलीटर और 10 रुपये वाले पैकेट में 170 के बजाय 150 मिलीलीटर उत्पाद मिलेगा। हालांकि इन पैकेटों की कीमत पहले जैसी ही रखी गई है।
संघ के प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय भाकुनी ने बताया कि अन्य दूध ब्रांडों ने भी अपने उत्पादों की कीमतों में चार रुपये तक की वृद्धि की है। उनके अनुसार अन्य ब्रांडों की तुलना में आंचल ने अपेक्षाकृत कम मूल्य वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि आंचल के इतिहास में पहली बार दूध की कीमतों में एकमुश्त तीन रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की गई है।
दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर आम उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर पड़ेगा। वहीं छोटे चाय स्पेशल पैकेटों में कीमत समान रहने के बावजूद मात्रा घटने से उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में कम उत्पाद मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी