सार्वजनिक स्थल पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले 15 गिरफ्तार

 


हरिद्वार, 20 जून (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर हुड़दंग करने, महिलाओं से छेड़छाड़ एवं लड़ाई-झगड़ा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ भगवानपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने देर रात विभिन्न स्थानों पर औचक चेकिंग और छापेमारी की।

पुलिस टीम ने प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और सुनसान इलाकों में जांच के दौरान खुलेआम शराब पीकर आमजन को परेशान कर रहे 15 लोगों को हिरासत में लिया। बताया गया कि कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद आरोपी सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर अशांति फैला रहे थे।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला