वीकेण्ड और गंगा दशहरा स्नान पर्व को लेकर पुलिस ने जारी किया व्यापक ट्रैफिक प्लान
हरिद्वार, 22 मई (हि.स.)। आगामी वीकेण्ड और श्री गंगा दशहरा स्नान पर्व के मद्देनजर पुलिस ने 23, 24 और 25 मई के लिए विस्तृत यातायात एवं पार्किंग प्लान जारी किया है। लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु विशेष इंतजाम किए हैं। पुलिस ने आमजन, श्रद्धालुओं और सभी वाहन चालकों से निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करने की अपील की है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार गंगा दशहरा स्नान पर्व के दौरान यदि यातायात का दबाव बढ़ता है तो भारी वाहनों को बॉर्डर पर ही रोक दिया जाएगा। साथ ही नगला इमरती से वाहनों को डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग एवं होर्डिंग एरिया में भेजा जाएगा, जहां से आवश्यकता अनुसार धीरे-धीरे वाहनों को छोड़ा जाएगा। चीला मार्ग को केवल ऋषिकेश की ओर एक्जिट के लिए प्रयोग किया जाएगा। वहीं गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन से वाहनों को सिंहद्वार होते हुए शंकराचार्य चौक की ओर भेजा जाएगा, ताकि शहर के भीतर यातायात का दबाव कम किया जा सके।
दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब से हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होकर हरिद्वार पहुंचने का रूट निर्धारित किया गया है। इन वाहनों की पार्किंग अलकनंदा, दीनदयाल, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू पार्किंग में की जाएगी। यदि यातायात अत्यधिक बढ़ता है तो वाहनों को नगला इमरती, लक्सर, फेरूपुर, जगजीतपुर और मातृसदन पुलिया मार्ग से बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा।
दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से आने वाले वाहनों का दबाव बढ़ने पर सहारनपुर, भगवानपुर, सालियर, बिजौली चौक, एनएच-344, छुटमलपुर और मोहण्ड के रास्ते वाहनों को देहरादून और ऋषिकेश की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं दिल्ली-मेरठ से आने वाले नजीबाबाद जाने वाले वाहनों को नगला इमरती, लक्सर, बालावाली और बिजनौर होते हुए भेजा जाएगा। देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली बसों को भी आवश्यकता पड़ने पर देवबंद, बिहारीगढ़ और मोहण्ड रूट से संचालित किया जाएगा।
मुरादाबाद और नजीबाबाद से आने वाले छोटे वाहनों के लिए चिड़ियापुर, श्यामपुर, चंडी चौकी और चंडी चौक मार्ग तय किया गया है। इन वाहनों की पार्किंग दीनदयाल, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू में होगी।
देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नेपाली फार्म, रायवाला और हरिद्वार मार्ग निर्धारित किया गया है। इन वाहनों की पार्किंग लालजीवाला, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू में कराई जाएगी। ललतारा पुल से शिवमूर्ति तक सभी प्रकार के ऑटो, विक्रम और टैक्सी का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 23 मई की रात 12 बजे से गंगा दशहरा स्नान पर्व समाप्ति तक हरिद्वार शहर क्षेत्र में सभी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। 24 मई की रात 8 बजे से बसों, ट्रैक्टरों और अन्य बड़े यात्री वाहनों को चमगादड़ टापू पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। इसके अलावा 24 मई की सुबह 3 बजे से दिल्ली-मुजफ्फरनगर मार्ग से आने वाले बड़े वाहनों को नगला इमरती से डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला