कीर्तिनगर ब्लॉक के 137 आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल का कनेक्शन नहीं

 

नई टिहरी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। कीर्तिनगर ब्लॉक में आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति सरकारी व्यवस्थाओं की कार्यप्रणाली को उजागर कर रही है। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने वाले इन केंद्रों में कहीं अपने भवनों नहीं है तो कहीं बिजली, पानी और शौचालय जैसी बेसिक सुविधाएं नहीं है। ब्लॉक के 160 आंगनबाड़ी केंद्रों में से केवल 32 के पास ही विभागीय भवन है।

बाल विकास परियोजना अधिकारी कीर्तिनगर नीतू बधानी ने बताया कि ब्लॉक में 34 आंगनबाड़ी केंद्र किराए के भवनों पर संचालित हो रहे हैं। वहीं 36 केंद्र सरकारी जन मिलन केंद्रों जबकि 58 केंद्र प्राथमिक विद्यालयों में संचालित किए जा रहे हैं। जिस कारण समस्याएं लगातार बनी हुई हैं। आलम यह है कि 137 केंद्रों में पानी की सुविधा तक नहीं है। जिसके अभाव में बच्चों की स्वच्छता, देखभाल और केंद्रों में संचालित दैनिक गतिविधियों के लिए गंभीर चुनौती है।

सवाल है कि जब नौनिहालों के लिए संचालित केंद्रों में ही बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, तो बेहतर पोषण और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के प्रयास कितने प्रभावी साबित होंगे। सीडीपीओ बधानी ने बताया कि कीर्तिनगर ब्लॉक में 89 आंगनबाड़ी केंद्रों में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध नहीं हैं। जिसके लिए कई बार उच्चाधिकारियों को पत्राचार करने पर भी समस्या हल नहीं हो पाई है।

एक ओर सरकार विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की बात करती है, वहीं दूसरी ओर आंगनबाड़ी केंद्रों में बुनियादी सुविधाएं न होना सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है। आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ऐसे में इन केंद्रों को बेहतर बनाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाने जरूरी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी